सुंदरनगर शहर में अगले 4-5 दिन प्रभावित रह सकती है पेयजल आपूर्ति

4 सितंबर: सुंदरनगर शहर की पेयजल आपूर्ति योजना के नागौण परिसर में ट्रांसफार्मर और इलेक्ट्रो-मैकेनिकल उपकरणों, विशेषकर स्टार्टर में तकनीकी खराबी आने के कारण पानी की पर्याप्त पंपिंग और लिफ्टिंग नहीं हो पा रही है। खराबी के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है, जिससे मरम्मत कार्य में कुछ अतिरिक्त समय लगने की संभावना है।

जल शक्ति मंडल सुंदरनगर के अधिशासी अभियंता रजत गर्ग ने बताया कि तकनीकी खराबी के चलते शहर में अगले 4-5 दिनों तक पेयजल आपूर्ति प्रभावित रहने की संभावना है। विभाग की ओर से खराबी का पता लगाने और मरम्मत कार्य को जल्द पूरा करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि उपलब्ध पानी के अनुसार सुंदरनगर शहर के सभी वार्डों में कम से कम एक बार पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने शहरवासियों से इस दौरान पानी का विवेकपूर्ण उपयोग करने और आवश्यकता के अनुसार पर्याप्त पानी का भंडारण रखने की अपील की है।

जल शक्ति विभाग ने पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने से नागरिकों को होने वाली असुविधा के लिए खेद जताते हुए लोगों से सहयोग बनाए रखने का आग्रह किया है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *