4 सितंबर: हिमाचल प्रदेश के सोलन में कहासुनी के बाद दो लोगों ने शराब की दुकान के सेल्समैन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में सेल्समैन के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना गुरुवार रात मॉल रोड स्थित शराब की दुकान की है। पुलिस के अनुसार, कांगड़ा निवासी सेल्समैन पंकज की सिरमौर के हरिपुरधार निवासी दो युवकों से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। इसी दौरान दोनों ने अचानक धारदार हथियार से पंकज पर हमला कर दिया।
हमले में गंभीर रूप से घायल पंकज को पहले नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है।
सोलन के पुलिस अधीक्षक दत्तात्रेय वर्मा ने बताया कि घटना को लेकर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गुरुवार रात ही गिरफ्तार कर लिया। मामले की जांच जारी है।