4 सितंबर: नवाही माता मंदिर भवन के जीर्णोद्धार और मंदिर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से सहायक आयुक्त मंदिर नवाही एवं एसडीएम सरकाघाट की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंदिर अधिकारी एवं तहसीलदार सरकाघाट मनीष कुमार, मंदिर कमेटी के सदस्य, नगर परिषद सरकाघाट के पार्षद अश्वनी कुमार तथा जल शक्ति विभाग के सहायक अभियंता मौजूद रहे।
बैठक में मंदिर की प्रशासनिक, सुरक्षा और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। मंदिर कमेटी में निर्धारित संख्या के अनुसार सदस्यों की संख्या पूरी करने का प्रस्ताव रखा गया, ताकि मंदिर की व्यवस्थाओं के संचालन में बेहतर समन्वय बनाया जा सके। इसके अलावा मंदिर के नियमित संचालन के लिए छह कर्मचारियों की नियुक्ति या तैनाती के प्रस्ताव पर भी विचार किया गया।
मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने पर भी चर्चा हुई। मंदिर के असुरक्षित भवन के पुनर्निर्माण अथवा आवश्यक जीर्णोद्धार के लिए नियमानुसार प्रक्रिया अपनाने और जरूरी व्यवस्थाएं करने पर सहमति बनी। सुरक्षा कर्मचारियों को रोटेशन के आधार पर ड्यूटी देने का प्रस्ताव भी रखा गया, जिससे मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था प्रभावी बनी रहे।
बैठक में मंदिर की व्यवस्थाओं को आधुनिक बनाने, भवन की सुरक्षा सुनिश्चित करने और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया गया। प्रस्तावों पर नियमानुसार आगामी कार्रवाई करने पर भी सहमति बनी।