4 सितंबर: ऊना-अंब राष्ट्रीय राजमार्ग पर दिलवां गांव के पास दो कारों में जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों कारों में सवार दो लोग घायल हुए हैं, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
जानकारी के अनुसार, एक कार चालक ओवरटेक करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान उसकी कार सामने से आ रही ऑल्टो कार से टकरा गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और घायलों को वाहनों से बाहर निकालकर 108 एंबुलेंस की मदद से ऊना अस्पताल पहुंचाया गया।
बताया जा रहा है कि एक कार चालक पेहवा, हरियाणा से माता बगलामुखी मंदिर जा रहा था, जबकि दूसरी कार अंब से ऊना की ओर जा रही थी।
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की पड़ताल शुरू कर दी है।