4 सितंबर: शिमला जिले की चौपाल तहसील के पास गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। शांठा क्षेत्र में आठ स्कूली छात्रों को लेकर जा रही फॉर्च्यूनर अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। हादसे में 11 वर्षीय छात्रा साक्षी की मौत हो गई, जबकि सात अन्य छात्र घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार हादसा झड़ी गांव के पास शाम करीब 5:30 बजे हुआ। वाहन चालक ने अचानक नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद फॉर्च्यूनर फिसलते हुए खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला।
सभी घायलों को उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया। मृतका साक्षी चौपाल के शांठा गांव की रहने वाली थी। शिमला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने हादसे की पुष्टि की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।