4 सितम्बर: उपमंडल बैजनाथ की ग्राम पंचायत सेहल में प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के वाटरशेड विकास घटक 2.0 के तहत किसानों को इलेक्ट्रिक स्प्रे पंप वितरित किए गए। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत कर करीब 200 किसानों को इलेक्ट्रिक स्प्रे पंप प्रदान किए।
इस दौरान अनुराग शर्मा ने कहा कि प्रदेश और बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों और लोगों की आवश्यकताओं को केंद्र सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पठानकोट-जोगिंद्रनगर रेल लाइन को ब्रॉडगेज में बदलने की मांग को लेकर उन्होंने हाल ही में रेल मंत्री से मुलाकात की है और इस संबंध में आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन मिला है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा भी विकास और जनकल्याण के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। सुख आश्रय योजना के तहत निराश्रित बच्चों को सुविधाएं दी जा रही हैं, जबकि राजीव गांधी स्टार्ट-अप योजना के माध्यम से युवाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं। प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए किसानों की उपज को बेहतर दामों पर खरीदने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।
सांसद ने बताया कि बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र में 92 करोड़ रुपये की पेयजल योजना और 60 करोड़ रुपये की लागत से विद्युत सब-स्टेशन का कार्य चल रहा है। 28 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले बैजनाथ-पपरोला बाईपास के लिए 1 करोड़ 32 लाख रुपये जारी किए जा चुके हैं। वहीं, 18 लाख रुपये की लागत से आधुनिक बस अड्डे का निर्माण पूरा हो चुका है, जिसे जल्द जनता को समर्पित किया जाएगा।
खेल सुविधाओं को मजबूत करने के लिए 5 करोड़ रुपये की लागत से इनडोर स्टेडियम तथा खीरगंगा घाट के लिए 2 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई है। ग्राम पंचायत सेहल में श्मशान घाट के सुदृढ़ीकरण और वार्ड नंबर-1 में सड़क निर्माण के लिए 5-5 लाख रुपये देने की घोषणा की गई। इसके अलावा स्वच्छ पेयजल के लिए ट्यूबवेल लगाने की घोषणा भी की गई।
सांसद ने सेहल के खेल मैदान के सुदृढ़ीकरण और मरम्मत के लिए खेल मंत्री से समन्वय कर आवश्यक कदम उठाने तथा क्षेत्र में विद्युत वोल्टेज की समस्या दूर करने के लिए ट्रांसफार्मर अपग्रेड करने का आश्वासन दिया। उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं की कमी दूर करने और लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
वाटरशेड विकास घटक 2.0 के तहत वर्षा पर निर्भर किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधाएं उपलब्ध करवाने के साथ सिंचाई नहरों और तालाबों का निर्माण तथा कृषि उपकरण उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। इसी योजना के तहत सेहल पंचायत के करीब 200 किसानों को इलेक्ट्रिक स्प्रे पंप दिए गए हैं।
कार्यक्रम में स्कूली बच्चों और महिला मंडलों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। सांसद ने प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए 11 हजार रुपये देने की घोषणा की। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।