धर्मशाला कॉलेज के शताब्दी वर्ष पर 100 पुरस्कारों वाला लकी ड्रॉ लॉन्च, जरूरतमंदों की मदद में खर्च होगी राशि

3 सितम्बर: राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित सेंटेनरी सेलिब्रेशन के तहत ओल्ड स्टूडेंट्स एसोसिएशन (ओएसए) ने जिला रेडक्रॉस सोसाइटी कांगड़ा के सहयोग से ‘रेडक्रॉस-ओएसए लकी ड्रॉ’ की शुरुआत की। इस पहल का शुभारंभ उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा की मौजूदगी में किया गया।

उपायुक्त हेमराज बैरवा ने कहा कि महाविद्यालय के शताब्दी समारोह के तहत ओल्ड स्टूडेंट्स एसोसिएशन की ओर से की जा रही गतिविधियां सराहनीय हैं। उन्होंने बताया कि लकी ड्रॉ के माध्यम से रेडक्रॉस को प्राप्त होने वाली राशि का उपयोग गरीब, जरूरतमंद और बीमार लोगों की सहायता के लिए किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि महाविद्यालय के 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 100 पुरस्कारों वाला यह लकी ड्रॉ सामाजिक सरोकारों से जुड़ी एक सराहनीय पहल है। उन्होंने ओल्ड स्टूडेंट्स एसोसिएशन को इसके लिए शुभकामनाएं भी दीं।

ओल्ड स्टूडेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष संजीव गांधी ने बताया कि महाविद्यालय के शताब्दी वर्ष में ‘100 साल, 100 पहल’ की थीम के तहत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी कड़ी में जिला रेडक्रॉस सोसाइटी के साथ मिलकर लकी ड्रॉ का आयोजन किया गया है। इसमें कुल 100 आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे, जिनकी कुल कीमत लाखों रुपये में होगी।

उन्होंने बताया कि एसोसिएशन की ओर से हर वर्ष लेगेसी अवॉर्ड के माध्यम से उत्कृष्ट विद्यार्थियों को छात्रवृत्तियां प्रदान की जाती हैं। इस वर्ष सामाजिक जिम्मेदारी को आगे बढ़ाते हुए रेडक्रॉस के साथ मिलकर जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए यह पहल शुरू की गई है।

सेंटेनरी वर्ष के दौरान ओल्ड स्टूडेंट्स एसोसिएशन की ओर से 100 स्माइल्स, 100 ड्रॉज, 100 चांस, 100 स्टार्स, 100 ड्रीम्स, 100 चीयर, 100 मोमेंट्स, 100 मेमोरीज, 100 रीजन्स और 100 रिवार्ड्स सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

इस अवसर पर जिला रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव ओपी शर्मा, ओल्ड स्टूडेंट्स एसोसिएशन के महासचिव अश्वनी कौल, संयुक्त सचिव परविंदर सिंह, मीडिया प्रभारी दिनेश शर्मा, प्रेस सचिव पवन शर्मा, सदस्य आरके महाजन, एनडी शर्मा, द्वारका प्रसाद सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *