2.85 करोड़ से संवरेगा शिमला का सहकार सदन, मुख्यमंत्री सुक्खू ने किया नवीनीकरण कार्य का शिलान्यास

3 सितंबर: आज मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने मालरोड शिमला स्थित ‘सहकार सदन’ के नवीनीकरण कार्य का वर्चुअल माध्यम से शिलान्यास किया। इस परियोजना पर 2.85 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे और इसे 15 जून 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बहुमंजिला भवन की सभी मंजिलों को आधुनिक सुविधाओं के साथ व्यवस्थित किया जाएगा। नवीनीकरण के बाद पुराने भवन को नया स्वरूप मिलेगा और यहां अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

परियोजना के तहत मेजनाइन फ्लोर पर आधुनिक वर्कस्टेशन और केबिन पार्टीशन बनाए जाएंगे। ग्राउंड फ्लोर पर नया रिसेप्शन, वर्कस्टेशन और एडवांस स्क्रीनिंग एरिया तैयार किया जाएगा। वहीं, बेसमेंट-1 में कॉन्फ्रेंस हॉल और वर्कस्टेशन, बेसमेंट-2 में बच्चों के लिए क्रैच तथा बेसमेंट-3 में आधुनिक आधारभूत सुविधाओं के साथ व्यवस्थित स्टोरेज एलिवेशन विकसित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक प्रदेश का अग्रणी सहकारी बैंक है और लोगों को आधुनिक व भरोसेमंद बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। बैंक की पुरानी शाखाओं और इमारतों का भी चरणबद्ध तरीके से आधुनिकीकरण किया जा रहा है।

कार्यक्रम में तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी, विधायक संजय अवस्थी व राम कुमार, हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक के अध्यक्ष देविन्द्र श्याम, हिमुडा उपाध्यक्ष यशवन्त छाजटा, बैंक निदेशक संजय शर्मा, हरी कृष्ण हिमराल, प्रबन्ध निदेशक विनय सिंह और महाप्रबन्धक जीत राम भारद्वाज सहित अन्य उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *