3 सितंबर: पंजाब नेशनल बैंक की भूंपल शाखा के अधिकारियों की सतर्कता और सूझबूझ से एक ग्राहक करीब 70 लाख रुपये की साइबर ठगी का शिकार होने से बच गया। बैंक अधिकारियों की समय रहते की गई कार्रवाई से ग्राहक को ठगों के जाल में फंसने से बचा लिया गया।
भूंपल शाखा की प्रबंधक अंकिता संदल, उप प्रबंधक मीनाक्षी शर्मा और संजय सूद ने बताया कि 25 अगस्त को एक ग्राहक बैंक में पहुंचा था। उसने दूसरे बैंक खाते से पीएनबी खाते में बड़ी राशि ट्रांसफर करने और इसके बाद उसे किसी कंपनी के खाते में भेजने संबंधी जानकारी मांगी। ग्राहक ने बताया कि वह इस राशि का इस्तेमाल अपने बेटे के लिए फ्लैट खरीदने में करेगा।
29 अगस्त को ग्राहक ने अपने पीएनबी खाते में 55 लाख रुपये जमा करवाए और पूरी राशि आईसीआईसीआई बैंक के खाते में ट्रांसफर करने का आग्रह किया। ग्राहक के व्यवहार और लेनदेन को लेकर बैंक अधिकारियों को संदेह हुआ। उन्होंने एहतियात के तौर पर ग्राहक के बेटे से संपर्क किया।
31 अगस्त को ग्राहक दोबारा बैंक पहुंचा और राशि ट्रांसफर करने का आग्रह करने लगा। बैंक अधिकारियों ने उससे मामले के बारे में विस्तार से जानकारी ली और बार-बार पूछताछ के बाद पूरी स्थिति सामने आई।
ग्राहक ने बताया कि 19 अगस्त से उसे व्हाट्सऐप पर किसी पुलिस अधिकारी के नाम और फोटो का इस्तेमाल कर कॉल की जा रही थीं। कॉल करने वाले उसे कथित तौर पर ब्लैकमेल कर रहे थे और पैसे ट्रांसफर नहीं करने पर गिरफ्तार करने की धमकी दे रहे थे। डर के कारण ग्राहक ठगों के निर्देश पर रकम ट्रांसफर करने जा रहा था।
बैंक अधिकारियों ने मामले को डिजिटल अरेस्ट से जुड़ी साइबर ठगी का प्रयास बताया। पूरी सच्चाई सामने आने के बाद ग्राहक ने राहत की सांस ली और रकम को एफडी के रूप में जमा करवा दिया।
पीएनबी अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति की धमकी या दबाव में आकर पैसे ट्रांसफर न करें। संदिग्ध कॉल, मैसेज या ऑनलाइन गतिविधि की स्थिति में तुरंत संबंधित बैंक और पुलिस को सूचना दें।