प्रदेश के 150 सीबीएसई स्कूलों में दिन में तीन बार लगेगी हाजिरी, शिक्षकों को ड्रेस के लिए मिलेंगे 5 हजार रुपये

2 सितंबर: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शिक्षा विभाग की बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रदेश के सीबीएसई स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने तथा विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए।

बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रदेश के 150 सीबीएसई स्कूलों में दिन में तीन बार उपस्थिति दर्ज की जाएगी। स्कूल पहुंचने के समय, लंच ब्रेक के दौरान और छुट्टी के समय विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की हाजिरी लगेगी। इससे स्कूलों में उपस्थिति व्यवस्था की निगरानी को और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने शिक्षकों और विद्यार्थियों के लिए अलग-अलग ड्रेस कोड निर्धारित करने के निर्देश दिए। शिक्षकों के लिए ड्रेस कोड इस वर्ष 1 अक्तूबर से अनिवार्य किया जाएगा। ड्रेस खरीदने के लिए शिक्षकों को एकमुश्त 5,000 रुपये की विशेष वित्तीय सहायता दी जाएगी। विद्यार्थियों की यूनिफॉर्म को लेकर अगले एक सप्ताह में निर्णय लिया जाएगा।

बैठक में बताया गया कि प्रदेश के सीबीएसई स्कूलों में करीब 1,200 शिक्षकों की नियुक्ति की जा चुकी है। स्कूलों में आवश्यकता के अनुसार आगामी समय में और शिक्षकों की नियुक्तियां की जाएंगी।

सीबीएसई स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था में सुधार और विद्यार्थियों तथा शिक्षकों के लिए सुविधाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से राज्य सरकार अतिरिक्त 80 करोड़ रुपये उपलब्ध करवाएगी। मुख्यमंत्री ने शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने और स्कूलों में सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर जोर दिया।

बैठक में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर सहित शिक्षा विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *