1 सितंबर: जिला हमीरपुर में पिछले दो दिनों के दौरान हुई भारी बारिश से सरकारी और निजी संपत्ति को करीब 11.25 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान होने का अनुमान है। इसके साथ ही 30 जून के बाद से जारी मानसून सीजन में जिले में कुल नुकसान का आंकड़ा 71.26 करोड़ रुपये से अधिक पहुंच गया है।
एडीसी अभिषेक गर्ग ने बताया कि जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के जिला एमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर में मंगलवार दोपहर तक प्राप्त रिपोर्टों के अनुसार पिछले 24 घंटों में जिलेभर में भारी बारिश से व्यापक क्षति हुई है। एक कच्चा मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुआ है, जबकि दो गौशालाएं ध्वस्त हुई हैं।
बारिश से लोक निर्माण विभाग को करीब 10 करोड़ रुपये, जल शक्ति विभाग की विभिन्न योजनाओं को 1.24 करोड़ रुपये और बिजली की लाइनों को लगभग एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
मानसून सीजन में अब तक लोक निर्माण विभाग को सबसे अधिक 45.33 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। जल शक्ति विभाग को 23.42 करोड़, बिजली बोर्ड को 1.13 करोड़, नेशनल हाईवे को 50.22 लाख और शिक्षा विभाग को 17.70 लाख रुपये की क्षति हुई है। बागवानी फसलों को भी 43.56 लाख रुपये का नुकसान होने की रिपोर्ट मिली है।
बारिश के कारण एक पंचायत घर के गिरने से करीब 3.50 लाख रुपये और दो किचन शैड गिरने से करीब 65 हजार रुपये की क्षति का अनुमान है। वहीं, एक पक्का और छह कच्चे मकान पूरी तरह ध्वस्त हुए हैं, जिससे करीब 14.45 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। 28 कच्चे और पांच पक्के मकानों को आंशिक नुकसान पहुंचा है, जिसकी अनुमानित क्षति 15.07 लाख रुपये है।
इसके अलावा चार डंगे गिरने से करीब 2.40 लाख रुपये और 32 गौशालाओं के ध्वस्त होने से करीब 8.85 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
एडीसी ने राजस्व विभाग समेत सभी संबंधित विभागों के फील्ड अधिकारियों और कर्मचारियों को बारिश से हुए नुकसान की रिपोर्ट तुरंत भेजने के निर्देश दिए हैं, ताकि प्रभावित लोगों को समय पर सहायता उपलब्ध करवाई जा सके।