चंबा के भटियात में उफनते पानी में फंसे बाइक सवार की जान बचाने आगे आया परिवार, महिलाओं ने दुपट्टे जोड़कर बनाया सहारा

1 सितंबर: हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के बीच चंबा जिले के भटियात से इंसानियत और सूझबूझ की मिसाल सामने आई है। यहां तेज बारिश के कारण सड़क पर पानी का बहाव अचानक बढ़ गया और एक बाइक सवार इसकी चपेट में आ गया। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक परिवार ने समय रहते मदद कर उसकी जान बचा ली।

जानकारी के अनुसार देर शाम हुई मूसलाधार बारिश के कारण ककीरा-कमलाड़ी मुख्य मार्ग पर पानी का बहाव इतना तेज हो गया कि सड़क ने नाले का रूप ले लिया। इसी दौरान एक बाइक सवार तेज बहाव में फंस गया और खुद को संभालना मुश्किल हो गया।

बाइक सवार को मुश्किल में देखकर वहां से कार में गुजर रहे परिवार ने तुरंत वाहन रोका और उसकी मदद के लिए आगे आए। कार में सवार महिलाओं ने सूझबूझ दिखाते हुए अपने दुपट्टों को आपस में जोड़कर लंबा सहारा तैयार किया। इसे बाइक सवार तक पहुंचाया गया, जिसे पकड़ने के बाद परिवार के सदस्यों ने उसे सुरक्षित रूप से पानी के बहाव से बाहर निकाल लिया।

घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें परिवार के सदस्यों को बाइक सवार की मदद करते हुए देखा जा सकता है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और लोग परिवार, खासकर महिलाओं की सूझबूझ और हिम्मत की सराहना कर रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि भारी बारिश के दौरान नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों के पास अतिरिक्त सावधानी बरतना जरूरी है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *