1 सितंबर: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में सोमवार को दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। ज्वालामुखी क्षेत्र में मटौर-कांगड़ा-शिमला फोरलेन पर बलूग्लोआ के पास सरिया लदा ट्रक अनियंत्रित होकर पुल के पिलर से जा टकराया। हादसे में ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान धर्मशाला के चैतड़ू निवासी 50 वर्षीय प्रवीण कुमार पुत्र पोरखी राम के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार ट्रक सरिया लेकर गगल की ओर जा रहा था। बलूग्लोआ के पास पहुंचते ही अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और पुल के पिलर से टकरा गया।
हादसे के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। ट्रक के केबिन में चालक बुरी तरह फंस गया था। सरिया भी उसके शरीर में फंसा होने के कारण बचाव दल को शव बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर ब्रेक फेल होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।