1 सितंबर: शिमला में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने समग्र शिक्षा के अंतर्गत ‘थेरेपी ऑन व्हील्स’ पहल के तहत तीन मोबाइल रिसोर्स सेंटर वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस पहल का उद्देश्य विशेष आवश्यकता वाले बच्चों तक उनके नजदीक आवश्यक सेवाएं पहुंचाना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सैम्फिया फाउंडेशन के सहयोग से शुरू की गई यह पहल विशेष रूप से ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले बच्चों के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी। मोबाइल रिसोर्स सेंटर के माध्यम से बच्चों को थेरेपी, विशेष शिक्षा, स्क्रीनिंग, पुनर्वास और परामर्श जैसी सुविधाएं उनके घर के नजदीक उपलब्ध करवाई जाएंगी।
उन्होंने कहा कि इस पहल के तहत अभिभावकों और शिक्षकों को भी बच्चों की बेहतर देखभाल एवं सहयोग के लिए आवश्यक मार्गदर्शन और प्रशिक्षण दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रारंभिक चरण में मोबाइल रिसोर्स सेंटर मंडी, शिमला और कांगड़ा जिलों में सेवाएं प्रदान करेंगे। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से इस सुविधा का विस्तार प्रदेश के सभी जिलों तक किया जाएगा।