26 अगस्त: खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग की ओर से गांव चलोखर में उपभोक्ता जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। एसडीएम हमीरपुर संजीत सिंह की अध्यक्षता में हुए शिविर में ग्राम पंचायत टिब्बी और ग्राम पंचायत देई का नौण के ग्रामीणों ने भाग लिया।
एसडीएम संजीत सिंह ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को उपभोक्ता के रूप में अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहना चाहिए। किसी वस्तु या सेवा की गुणवत्ता में कमी, अनियमितता या अधिक मूल्य वसूली की स्थिति में तुरंत शिकायत करनी चाहिए। उन्होंने ग्रामीणों से जिम्मेदार नागरिक बनकर अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों की जानकारी रखने का आह्वान किया।
जिला खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति नियंत्रक आंचल कुमारी ने उपभोक्ता अधिकारों और उनके संरक्षण से संबंधित जानकारी दी। उन्होंने खरीदारी के समय पक्का बिल या रसीद लेने तथा उत्पाद का मूल्य, मात्रा, निर्माण एवं समाप्ति तिथि और गुणवत्ता संबंधी विवरण जांचने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि किसी वस्तु या सेवा में कमी या निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली की स्थिति में राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन के टोल फ्री नंबर 1915 पर शिकायत की जा सकती है। रसोई गैस की बुकिंग से संबंधित समस्याओं के लिए व्हाट्सऐप नंबर 75888-88824 पर भी शिकायत की जा सकती है।
विधिक माप विज्ञान के सहायक नियंत्रक प्रवीण कुमार ने वस्तुओं की सही मात्रा, निर्धारित मूल्य और पैकेट पर अंकित आवश्यक विवरणों की जांच करने के बारे में जागरूक किया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. अभिषेक ठाकुर ने सुरक्षित एवं स्वच्छ खाद्य पदार्थों के चयन, खाद्य वस्तुओं के लेबल की जांच और खाद्य पदार्थ खरीदते समय बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी।
शिविर में बीडीसी सदस्य राम शर्मा, दोनों पंचायतों के जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।