26 अगस्त: बेसहारा पशुओं से संबंधित समस्याओं के प्रभावी एवं स्थायी समाधान के लिए बुधवार को उपमंडलाधिकारी (नागरिक) कार्यालय, सरकाघाट के सभागार में उपमंडलीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम सरकाघाट एवं समिति के अध्यक्ष राजेन्द्र कुमार गौतम ने की।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के अलावा नगर परिषद सरकाघाट की अध्यक्षा पुष्पा देवी, उपाध्यक्ष लाल चंद, पार्षदों तथा क्षेत्र के गौसदनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। संबंधित विभागों ने बेसहारा पशुओं की समस्या के समाधान के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
एसडीएम राजेन्द्र कुमार गौतम ने पंचायतों और नगर परिषद क्षेत्र में नए गौसदनों की स्थापना के लिए उपयुक्त स्थलों की पहचान कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने बेसहारा पशुओं की पहचान तथा आवारा कुत्तों के टीकाकरण के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा कि बेसहारा पशुओं की समस्या के स्थायी समाधान के लिए सभी विभागों, पंचायती राज संस्थाओं और नगर परिषद के प्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। इस दिशा में जल्द ही पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ विशेष बैठक आयोजित कर प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाएगी।