26 अगस्त: शिमला जिले के रोहड़ू उपमंडल में बखिरना पुल के समीप पब्बर नदी में नहाते समय डूबे दो 16 वर्षीय छात्रों में से एक का शव बुधवार को बरामद कर लिया गया। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान स्थानीय गोताखोरों ने करासा निवासी शिवेन का शव नदी से बाहर निकाला। वहीं, बनोटी निवासी दूसरे छात्र सक्षम का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
मंगलवार को दोनों छात्र पब्बर नदी में नहाने के लिए उतरे थे और इसी दौरान गहरे पानी में डूब गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, अग्निशमन विभाग और स्थानीय गोताखोरों ने तलाश अभियान शुरू कर दिया था।
बुधवार को करासा निवासी अनुभवी स्थानीय गोताखोर मंगतराम डोगरा ने जोखिम उठाते हुए घटनास्थल के आसपास तलाश की और कड़ी मशक्कत के बाद शिवेन का शव खोज निकाला। एसडीएम रोहड़ू धर्मेश रामोत्रा ने शिवेन का शव बरामद होने की पुष्टि की है।
सक्षम की तलाश के लिए एनडीआरएफ, पुलिस, फायर ब्रिगेड और स्थानीय गोताखोरों का सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है। प्रशासन ने कहा है कि छात्र का सुराग मिलने तक तलाशी अभियान युद्धस्तर पर जारी रहेगा।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन ने बरसात के मौसम को देखते हुए लोगों, विशेषकर युवाओं से नदी-नालों में जाने से बचने और सावधानी बरतने की अपील की है।