26 अगस्त: दाढ़ी स्थित शहीद मेजर दुर्गा मल्ल एवं कैप्टन दल बहादुर स्मृति मंच में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक कांगड़ा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और शहीद मेजर दुर्गा मल्ल के अदम्य साहस, देशभक्ति और सर्वोच्च बलिदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
मेजर दुर्गा मल्ल ने भारत की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया। युवावस्था में सैन्य सेवा शुरू करने के बाद वह आजाद हिंद फौज से जुड़े और स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके शौर्य, त्याग और राष्ट्रभक्ति को याद करते हुए कहा गया कि उनका जीवन देशसेवा और राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम के दौरान नशे के दुष्प्रभावों को लेकर भी लोगों को जागरूक किया गया। विशेष रूप से युवाओं पर नशे के पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों की जानकारी देते हुए लोगों से नशे से दूर रहने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में शहीद मेजर दुर्गा मल्ल के बलिदान को नमन करते हुए उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया गया।