26 अगस्त: कुल्लू जिले में चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर डोहलूनाला के समीप निजी बस और स्कूटी की जोरदार टक्कर में मंडी जिले के एक युवक और युवती की मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर बस चालक से पूछताछ शुरू कर दी है।
हादसा मंगलवार रात करीब 9:45 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि दोनों स्कूटी पर सवार होकर मनाली की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक निजी बस से उनकी टक्कर हो गई। हादसे में स्कूटी सवार कशिश सिहली निवासी सुंदरनगर, जिला मंडी की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं, स्कूटी पर पीछे बैठे आदित्य पुत्र पवन कुमार निवासी त्रिफालघाट, जिला मंडी को गंभीर हालत में क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
कुल्लू के एसपी अभिषेक सेकर ने हादसे की पुष्टि की है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लिया। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। बस चालक समेत प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है।
हादसे के कारण हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सुचारू करवा दिया।