25 अगस्त: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में मारकंडा नदी पार करते समय तेज बहाव की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। हादसा नाहन विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत देवनी में हुआ।
मृतका की पहचान देवनी निवासी गुलजार की पत्नी अनवरी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब 4 बजे अनवरी अपनी बहू के साथ मारकंडा नदी पार कर रही थी। नदी में पानी का बहाव तेज होने के कारण दोनों ने सुरक्षा के लिए एक-दूसरे का हाथ पकड़ रखा था। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से अनवरी तेज धारा में बह गई।
सूचना मिलते ही पुलिस, होमगार्ड और फायर ब्रिगेड की संयुक्त टीमों ने मौके पर पहुंचकर तलाश अभियान शुरू किया। करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद शाम लगभग 6:30 बजे घटनास्थल से करीब 200 से 300 मीटर आगे महिला का शव बरामद किया गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।