19 अगस्त: सिरमौर जिले के गिरिपार क्षेत्र की कमरऊ तहसील के बागनाधार स्थित माइन में मंगलवार को पहाड़ का एक हिस्सा अचानक खिसकने से बड़ा हादसा हो गया। पहाड़ से भारी मात्रा में मलबा नीचे आ गिरा, जिसकी चपेट में दो वाहन और एक एलएंडटी मशीन आ गई। हादसे के बाद तीन लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है।
घटना के दौरान माइन क्षेत्र में वाहन और एलएंडटी मशीन मौजूद थी। अचानक पहाड़ से मलबा गिरने के कारण वहां अफरा-तफरी मच गई। हादसे की सूचना कमरऊ निवासी गुमान सिंह ने तहसील प्रशासन को दी, जिसके बाद प्रशासन और राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचा।
मलबे में फंसे होने की आशंका वाले लोगों में वाहन चालक अनिल कुमार निवासी बड़वास तथा 65 वर्षीय गजेन्द्र सिंह और 68 वर्षीय धन सिंह, दोनों निवासी नेपाल, शामिल बताए जा रहे हैं। प्रशासन की ओर से तीनों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है।
लगातार बारिश के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी मुश्किलें आ रही हैं। पहाड़ी क्षेत्र होने के साथ-साथ दोबारा मलबा गिरने का खतरा भी बना हुआ है। इसी वजह से बचाव दल बेहद सावधानी के साथ मलबा हटाने में जुटा है।
फिलहाल घटनास्थल पर मलबा मैनुअल तरीके से हटाया जा रहा है। भारी मशीनरी को मौके तक पहुंचाना भी चुनौती बना हुआ है। रास्ते और भौगोलिक परिस्थितियों के कारण मशीनरी को घटनास्थल तक पहुंचाने में दिक्कत आ रही है। प्रशासन मशीनरी को मौके तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार कमरऊ ओमप्रकाश राहत एवं बचाव दल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लेकर रेस्क्यू अभियान शुरू करवाया। प्रशासन की प्राथमिकता मलबे में फंसे बताए जा रहे तीनों लोगों तक जल्द पहुंचकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकालना है।
लगातार बारिश और भूस्खलन की आशंका के बीच प्रशासन मौके की परिस्थितियों पर नजर बनाए हुए है। रेस्क्यू टीमों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मलबा हटाने का काम सावधानीपूर्वक किया जा रहा है।