18 अगस्त: नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय औद्योगिक गलियारा विकास और कार्यान्वयन ट्रस्ट के सर्वोच्च निगरानी प्राधिकरण की तीसरी बैठक में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शिमला से वर्चुअल माध्यम से भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट कार्य मंत्री निर्मला सीतारमण ने की।
मुख्यमंत्री ने हिमाचल प्रदेश में औद्योगिक विकास और बड़े निवेश को बढ़ावा देने के लिए विश्वस्तरीय आधारभूत ढांचा विकसित करने के राज्य सरकार के प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने भारत औद्योगिक विकास योजना (भव्य) के प्रथम चरण के तहत इन्वेस्टमेंट-रेडी औद्योगिक पार्कों के लिए प्रदेश की ओर से प्रस्तुत दो प्रस्तावों को शीघ्र मंजूरी देने का केंद्रीय वित्त मंत्री से आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में औद्योगिक विस्तार के लिए मजबूत लॉजिस्टिक्स और परिवहन ढांचा जरूरी है। इसके लिए मुख्यमंत्री ने रेल कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने तथा बद्दी-नालागढ़ रेल लाइन के विस्तार की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
बैठक में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय औद्योगिक गलियारा विकास एवं कार्यान्वयन ट्रस्ट के सदस्य भी उपस्थित रहे।