17 अगस्त: हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) ने स्कूल शिक्षा विभाग में जेबीटी (ट्रेनी) के 600 पदों को भरने के लिए आयोजित कंप्यूटर बेस्ड स्क्रीनिंग टेस्ट (सीबीटी) का परिणाम घोषित कर दिया है। परीक्षा परिणाम आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध है।
आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि जेबीटी (ट्रेनी) पोस्ट कोड-26015 के 600 पदों के लिए कुल 16,197 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था, जबकि 14,270 उम्मीदवारों ने सीबीटी परीक्षा दी। परीक्षा में उत्तीर्ण 1,459 उम्मीदवारों को दस्तावेज सत्यापन के लिए बुलाया जा रहा है।
दस्तावेज सत्यापन प्रक्रिया 16 सितंबर को सुबह 10 बजे से आयोग परिसर में शुरू होगी। चयनित उम्मीदवारों को इसकी सूचना उनकी ईमेल आईडी के माध्यम से दी जाएगी। उन्हें अलग से बुलावा पत्र जारी नहीं किए जाएंगे।
दस्तावेज सत्यापन के दौरान उम्मीदवारों को सभी आवश्यक दस्तावेजों की मूल प्रतियां, सेल्फ अटेस्टेड फोटो प्रतियों के दो-दो सेट, आवेदन पत्र की डाउनलोड की गई प्रति और आईडी प्रूफ सहित अन्य जरूरी दस्तावेज साथ लाने होंगे।
आयोग के सचिव ने स्पष्ट किया कि निर्धारित तिथि पर दस्तावेज सत्यापन के लिए उपस्थित नहीं होने वाले उम्मीदवार को बाद में कोई अन्य अवसर नहीं दिया जाएगा।