15 अगस्त: नरेश मलोटिया: राजकीय उच्च विद्यालय कोटला कल्लर में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक अजेश पाल ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद वंदे मातरम् और राष्ट्रगान का गायन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
अपने संबोधन में अजेश पाल ने कहा कि प्रत्येक भारतीय को अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी ज्ञान होना चाहिए। देश के विकास में योगदान देने के लिए नागरिकों को अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करना आवश्यक है।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों में प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों ने समूह गान, समूह नृत्य, कविता पाठ और भाषण सहित विभिन्न प्रस्तुतियां दीं।
इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का संदेश भी विद्यार्थियों और अध्यापकों ने सुना। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक पूजा, रविन्द्र कुमार, अंजना कुमारी, डॉ. अमित शर्मा और सोहन लाल तथा गैर-शिक्षक कर्मचारी रेशमा और शीतल मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान नादौन क्षेत्र के प्रसिद्ध क्रांतिकारी यशपाल और इंद्रपाल को विशेष रूप से याद किया गया। शिक्षक अजेश पाल ने विद्यार्थियों को बताया कि यह क्षेत्र के लिए गर्व की बात है कि इन दोनों क्रांतिकारियों ने स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि उनके जीवन और संघर्ष से सभी को प्रेरणा लेनी चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन की ओर से सभी विद्यार्थियों के लिए मिष्ठान्न और भोजन की व्यवस्था की गई।