17 अगस्त: लाला लाजपत राय सुधार गृह (जिला जेल) धर्मशाला में रविवार दोपहर कैदियों और जेल प्रबंधन के बीच विवाद के बाद हुई झड़प में 10 लोग घायल हो गए। घायलों में 6 जेल सुरक्षा कर्मचारी और 4 कैदी शामिल हैं। गंभीर रूप से घायल 2 जेल कर्मचारियों और एक कैदी को टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 12:15 बजे कुछ कैदियों ने अस्पताल भेजने और गार्द तैनात करने की मांग को लेकर जेल प्रबंधन के समक्ष अपनी बात रखी। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और हाथापाई की स्थिति पैदा हो गई।
घटना के दौरान जेल परिसर में कांच की खिड़की टूट गई और उसके टुकड़ों से हमला किए जाने की बात सामने आई है। झड़प में जेल सुरक्षा कर्मचारियों और कैदियों को चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही धर्मशाला पुलिस और क्यूआरटी की टीम तुरंत जिला जेल पहुंची तथा स्थिति को नियंत्रित किया। सभी घायलों को उपचार के लिए जोनल अस्पताल धर्मशाला ले जाया गया। चिकित्सकों ने गंभीर चोटों के चलते 2 जेल कर्मचारियों और एक कैदी को टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
एसपी कांगड़ा ने घटना के बाद जिला जेल और जोनल अस्पताल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। पुलिस टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। साथ ही जेल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि विवाद की पूरी घटना की जानकारी सामने आ सके।
पुलिस के अनुसार, मामले में दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर क्रॉस एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस घटना के कारणों और झड़प के दौरान हुई गतिविधियों की जांच कर रही है। मामले में कानून के अनुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।