14 अगस्त: हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग ने भर्ती परीक्षाओं को लेकर बड़ा बदलाव करने की तैयारी शुरू कर दी है। अब विभिन्न पोस्ट कोड के लिए होने वाली परीक्षाएं कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (सीबीटी) के बजाय टैबलेट के माध्यम से आयोजित की जाएंगी। आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने वीरवार को प्रेस वार्ता के दौरान यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि नई व्यवस्था लागू करने से पहले 20 अगस्त को आयोग के परीक्षा हॉल में टैबलेट आधारित परीक्षा का मॉक टेस्ट आयोजित किया जाएगा। यह परीक्षा दो शिफ्टों में होगी, जिसमें प्रत्येक शिफ्ट में 50-50 उम्मीदवार हिस्सा लेंगे। इस ट्रायल में आयोग के वन टाइम रजिस्ट्रेशन के माध्यम से पंजीकृत उम्मीदवार भाग ले सकेंगे।
मॉक टेस्ट के लिए उम्मीदवार 15 अगस्त सुबह 10 बजे से 19 अगस्त तक पंजीकरण करवा सकते हैं। इसके लिए आयोग की वेबसाइट पर लिंक और अन्य जरूरी जानकारी उपलब्ध करवा दी गई है।
डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि परीक्षा आयोजित करने वाली कंपनी के माध्यम से नई तकनीक को लागू करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके लिए करीब एक महीने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके बाद विभिन्न विभागों में रिक्त पदों को भरने के लिए आयोजित होने वाली परीक्षाओं को टैबलेट आधारित बनाने की योजना है।
उन्होंने कहा कि टैबलेट के माध्यम से परीक्षा आयोजित होने से पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी। आगामी समय में आयोग के लिए करीब 10 हजार टैबलेट उपलब्ध करवाए जाएंगे।
प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने बताया कि हाल ही में एक पोस्ट कोड के लिए आवेदन करने वाले एक अभ्यर्थी ने एआई से तैयार दस्तावेज अपलोड किए थे। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों को लेकर भी आयोग को गुमराह करने का प्रयास किया गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए आयोग ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई, जिसके आधार पर संबंधित अभ्यर्थी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।