भोरंज में बच्चों के पोषण को लेकर माताओं से रूबरू हुईं उपायुक्त, रागी पाउडर पर लिया फीडबैक

14 अगस्त: छोटे बच्चों में कुपोषण की रोकथाम और उनके बेहतर पोषण को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से भोरंज उपमंडल में पायलट आधार पर शुरू किए गए न्यूट्रिशनल इंटरवेंशन कार्यक्रम की समीक्षा की गई। कार्यक्रम के तहत बच्चों को दिए जा रहे रागी पाउडर के उपयोग और उसके प्रभाव को लेकर उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने वीरवार को मिनी सचिवालय भोरंज में महिलाओं के साथ संवाद किया।

संवाद सत्र में छोटे बच्चों की माताओं सहित कुल 55 महिलाओं ने भाग लिया। इस दौरान उपायुक्त ने माताओं से रागी पाउडर के उपयोग, बच्चों की प्रतिक्रिया, उनके अनुभव और सुझावों के बारे में जानकारी ली।

गंधर्वा राठौड़ ने कहा कि न्यूट्रिशनल इंटरवेंशन कार्यक्रम के तहत भोरंज में छोटे बच्चों को पौष्टिक गुणों से भरपूर रागी पाउडर उपलब्ध करवाया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य बच्चों के पोषण स्तर में सुधार लाना और उन्हें स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों के माध्यम से बेहतर आहार उपलब्ध करवाना है।

संवाद के दौरान कई माताओं ने रागी पाउडर के प्रति सकारात्मक प्रतिक्रिया दी और बच्चों के पोषण में भविष्य में भी इसके उपयोग को जारी रखने पर सहमति जताई।

उपायुक्त ने बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण के लिए स्थानीय और पौष्टिक खाद्य पदार्थों के अधिक से अधिक उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों के पोषण में अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को नियमित रूप से होम विजिट करने तथा पायलट प्रोजेक्ट के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं से रागी पाउडर के उपयोग, बच्चों की प्रतिक्रिया और माताओं से मिलने वाले फीडबैक पर विशेष ध्यान देने को कहा, ताकि कार्यक्रम के प्रभाव का सही आकलन किया जा सके।

एसडीएम भोरंज शशि पाल शर्मा ने उपायुक्त का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रागी पाउडर से संबंधित पायलट प्रोजेक्ट के लिए भोरंज का चयन बच्चों के बेहतर पोषण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने इस पहल के लिए जिला प्रशासन का धन्यवाद किया।

संवाद सत्र में बाल विकास परियोजना अधिकारी सुजानपुर कुलदीप चौहान, बाल विकास परियोजना अधिकारी भोरंज सुनील कुमार, तहसीलदार भोरंज डॉ. आशीष शर्मा, भोरंज परियोजना के सभी वृत्त पर्यवेक्षक तथा नजदीकी आंगनवाड़ी केंद्रों की कार्यकर्ता भी उपस्थित रहीं।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *