14 अगस्त: 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बड़सर में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय समारोह को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में होने वाले इस समारोह को लेकर आयोजन स्थल पर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
वीरवार को बड़सर स्कूल मैदान में दिनभर अधिकारियों और कर्मचारियों की टीमें विभिन्न व्यवस्थाओं में जुटी रहीं। वहीं, स्वतंत्रता दिवस समारोह में प्रस्तुत की जाने वाली परेड को लेकर विभिन्न टुकड़ियों ने रिहर्सल की। परेड में हिमाचल प्रदेश पुलिस की छठी इंडियन रिजर्व बटालियन धौलाकुआं, तृतीय आईआरबी पंडोह, द्वितीय आईआरबी महिला सकोह तथा हमीरपुर जिला एवं ट्रैफिक पुलिस की टुकड़ियां हिस्सा लेंगी।
इसके अलावा महिला एवं पुरुष होमगार्ड्स, हरियाणा पुलिस तथा क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों की टुकड़ियां भी परेड में शामिल होंगी। रिहर्सल के दौरान जवानों और विद्यार्थियों ने पूरे अनुशासन एवं जोश के साथ परेड का अभ्यास किया।
हिमाचल प्रदेश पुलिस के आईजी संतोष पटियाल ने परेड की रिहर्सल का निरीक्षण किया और प्रतिभागी टुकड़ियों की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने परेड से संबंधित व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
वहीं, हमीरपुर की उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने आयोजन स्थल का निरीक्षण कर समारोह के लिए की जा रही विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने तथा समारोह के दौरान आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
राज्य स्तरीय समारोह को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा, यातायात, बैठने की व्यवस्था, परेड मैदान और अन्य आवश्यक प्रबंधों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि स्वतंत्रता दिवस समारोह का सफल एवं व्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित किया जा सके।
इस अवसर पर एडीसी अभिषेक गर्ग, चतुर्थ आईआर बटालियन जंगलबैरी के एसपी अरविंद चौधरी, एसी टू डीसी संजीत सिंह, एएसपी लालमन शर्मा, एसडीएम स्वाति डोगरा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।