12 अगस्त: पुलिस चौकी धीरा के अंतर्गत न्यूगल खड्ड में मंगलवार देर शाम करीब 50 वर्षीय महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव खड्ड में नग्न अवस्था में मिला। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि महिला का शव ऊपरी क्षेत्र से पानी के तेज बहाव के साथ बहकर यहां पहुंचा होगा।
जानकारी के अनुसार, न्यूगल खड्ड में पानी के तेज बहाव को देखने के लिए कुछ लोग पुल पर खड़े थे। इसी दौरान उनकी नजर खड्ड में पड़े शव पर पड़ी। लोगों ने तुरंत ग्रामीणों और पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस चौकी धीरा प्रभारी देशराज पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
दमकल विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर शव को खड्ड से बाहर निकाला। इसके बाद शव पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
समाचार लिखे जाने तक महिला की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान के लिए सुरक्षित रख दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस उपाधीक्षक पालमपुर सुनील राणा ने महिला का शव मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि अभी तक महिला की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पहचान होने तक शव को सुरक्षित रखा जाएगा और नियमानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।