12 अगस्त: जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारियों को लेकर जिला शिमला में प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हो गया है। इसी कड़ी में बचत भवन शिमला में उपायुक्त अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया।
जनगणना के दूसरे चरण के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों को तीन चरणों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। पहला प्रशिक्षण शिविर 11 और 12 अगस्त, दूसरा 13 और 14 अगस्त तथा तीसरा 17, 18 और 19 अगस्त को आयोजित किया जाएगा। इन शिविरों में जिला, उपमंडल और तहसील स्तर के अधिकारियों को जनसंख्या गणना से संबंधित प्रक्रिया और निर्धारित मानकों की जानकारी दी जा रही है।
उपायुक्त अनुपम कश्यप ने अधिकारियों और कर्मचारियों से जनगणना कार्य को पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ पूरा करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति से संबंधित जानकारी निर्धारित प्रपत्र के अनुसार सही तरीके से दर्ज की जाए और कोई भी महत्वपूर्ण तथ्य छूटने न पाए।
जिला शिमला में 1 से 30 सितंबर 2026 तक जनगणना-2027 के दूसरे चरण यानी जनसंख्या गणना की तैयारियां की जा रही हैं। हिमाचल प्रदेश की भौगोलिक और मौसमी परिस्थितियों को देखते हुए प्रदेश में जनसंख्या गणना का कार्य देश के अन्य हिस्सों से अलग समय-सारणी के अनुसार किया जाएगा। सामान्य तौर पर देशभर में जनसंख्या गणना फरवरी 2027 में होगी, जबकि हिमाचल प्रदेश जैसे बर्फबारी वाले क्षेत्रों में विशेष समय-सारणी के तहत सितंबर 2026 में यह कार्य किया जाएगा।
दूसरे चरण में प्रत्येक व्यक्ति से जुड़ी जनसांख्यिकीय, सामाजिक और आर्थिक जानकारी निर्धारित प्रक्रिया के तहत दर्ज की जाएगी। इससे जिले की वास्तविक जनसंख्या, परिवारों की संरचना, आयु एवं लिंग, शिक्षा, रोजगार, प्रवास तथा अन्य सामाजिक-आर्थिक पहलुओं से संबंधित अद्यतन आंकड़े उपलब्ध होंगे।
इस बार जनगणना प्रक्रिया में डिजिटल तकनीक का भी इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे आंकड़ों के संग्रहण, निगरानी और प्रबंधन में पारदर्शिता तथा दक्षता बढ़ेगी। जिला प्रशासन द्वारा जनगणना कार्य में तैनात अधिकारियों और प्रगणकों को आवश्यक प्रशिक्षण एवं दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। प्रगणक निर्धारित क्षेत्रों में घर-घर जाकर परिवारों और व्यक्तियों की जानकारी दर्ज करेंगे।
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे जनगणना कर्मियों को सही और पूर्ण जानकारी उपलब्ध करवाएं तथा इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में सहयोग करें। प्रत्येक परिवार की सहभागिता से शिमला जिले की जनसंख्या का सटीक और विश्वसनीय आंकड़ा तैयार करने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त सचिन कंवल, एडीएम प्रोटोकॉल ज्ञान सागर नेगी, सभी एसडीएम, जिला राजस्व अधिकारी शिवानी भारद्वाज, नायब सदर कानूनगो ओम प्रकाश सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।