12 अगस्त: जिला कांगड़ा में आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण (Periodic Labour Force Survey) का कार्य शुरू हो गया है। राज्य सरकार के वित्त मंत्रालय के आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग की ओर से प्रदेश के सभी जिलों में यह सर्वेक्षण करवाया जा रहा है।
उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने बताया कि सर्वेक्षण के तहत जिला सांख्यिकी विभाग के कर्मचारी निर्धारित प्रारूप के अनुसार ऑनलाइन एप्लीकेशन के माध्यम से घर-घर जाकर आवश्यक जानकारी एकत्रित करेंगे।
उन्होंने जिलावासियों से अपील की है कि सर्वेक्षण के लिए उनके घर पहुंचने वाले विभागीय कर्मचारियों को आवश्यक सहयोग प्रदान करें और सही एवं सटीक जानकारी उपलब्ध करवाएं। उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर श्रम बाजार से जुड़े विभिन्न संकेतकों का अध्ययन किया जाएगा, जिससे जिले के लोगों की सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति का वास्तविक आकलन करने में मदद मिलेगी।
उपायुक्त ने कहा कि सर्वेक्षण के आंकड़े रोजगार, बेरोजगारी और श्रम बल की स्थिति को समझने में महत्वपूर्ण होंगे। इन आंकड़ों का उपयोग भविष्य में रोजगार से संबंधित नीतियों और योजनाओं के प्रभावी निर्धारण में भी किया जाएगा। उन्होंने जिलावासियों से सर्वेक्षण को सफल बनाने के लिए सक्रिय सहयोग देने का आग्रह किया।