नाले में बहा 12 वर्षीय बच्चा, हरियाणा सीमा के पास मिला शव

12 अगस्त: कालाअम्ब के रामपुर जटान क्षेत्र में मंगलवार सुबह नाले के किनारे खेलते समय 12 वर्षीय बच्चा तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने एनडीआरएफ, होमगार्ड जवानों और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर सर्च अभियान शुरू किया। सुबह से शाम तक चले अभियान के बाद हरियाणा सीमा के समीप बच्चे का शव बरामद किया गया।

जानकारी के अनुसार अमरजीत (12), निवासी करताहन, तहसील लालगंज, जिला वैशाली (बिहार), कुछ अन्य बच्चों के साथ रामपुर जटान क्षेत्र में नाले के किनारे खेल रहा था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह तेज बहाव वाले पानी में गिरकर बह गया।

घटना के बाद आसपास तलाश करने पर घटनास्थल के पास उसकी चप्पल मिली। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने एनडीआरएफ, होमगार्ड जवानों और स्थानीय लोगों की मदद से नाले के आसपास तथा बहाव वाले क्षेत्र में बड़े स्तर पर तलाश अभियान चलाया।

काफी देर की तलाश के बाद शाम को हरियाणा सीमा में डेरा गांव के समीप बच्चे का शव बरामद कर लिया गया। कालाअम्ब पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज नाहन के शवगृह में रखवा दिया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *