10 अगस्त, आवाज ए हिमाचल ब्यूरो, शाहपुर : हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के कराटे खिलाड़ियों ने तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में आयोजित 1st जापान कराटे स्टाइल (JKS) नेशनल ओपन कराटे चैंपियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। शिहान रिंकू कुमार के मार्गदर्शन में उतरी हिमाचल की टीम ने प्रतियोगिता में 2 स्वर्ण, 1 रजत और 3 कांस्य समेत कुल 6 पदक अपने नाम किए। टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम कप भी हासिल किया।
प्रतियोगिता के कुमिते वर्ग में अंशुल शर्मा ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि काता स्पर्धा में उन्होंने रजत पदक अपने नाम किया। नक्ष ने कुमिते में स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं सरुष, राघव और आदित्य शर्मा ने कुमिते स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। 


टीम की इस उपलब्धि में कोच शिहान रिंकू कुमार की भूमिका भी अहम रही। खिलाड़ियों को प्रतियोगिता के लिए बेहतर प्रशिक्षण और मार्गदर्शन देने के लिए आयोजकों ने उन्हें ‘मास्टर एप्रिसिएशन अवॉर्ड’ से सम्मानित किया। इसके अलावा हिमाचल की टीम को चैंपियनशिप की टीम ट्रॉफी भी प्रदान की गई।
बताया गया कि शिहान रिंकू कुमार हाल ही में बेंगलुरु में अंतरराष्ट्रीय स्तर की एडवांस्ड ट्रेनिंग लेकर लौटे हैं। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने उनके मार्गदर्शन में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए विभिन्न वर्गों में पदक हासिल किए।
हिमाचल की टीम की इस सफलता की खबर शाहपुर क्षेत्र और कांगड़ा जिले में पहुंचते ही खुशी का माहौल बन गया। ग्राम पंचायत रेहलू सहित क्षेत्र के लोगों, खिलाड़ियों के परिजनों और खेल प्रेमियों ने पूरी टीम तथा कोच रिंकू कुमार को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी।
कोच रिंकू कुमार ने कहा कि खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का यह परिणाम है। उन्होंने कहा कि हिमाचल के युवा सही मार्गदर्शन और मेहनत के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना सकते हैं।