कांग्रेस की नई कार्यकारिणी पर सवाल, उपाध्यक्ष बनाए गए रमेश ठाकुर ने कहा- मैं कांग्रेस में हूं ही नहीं

10 अगस्त , अभिषेक मिश्रा : श्री नैना देवी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की हाल ही में जारी नई कार्यकारिणी को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। कार्यकारिणी की सूची में शामिल किए गए कुछ नामों को लेकर सवाल उठने लगे हैं। इसी बीच ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष बनाए गए बीडीटीएस के पूर्व अध्यक्ष रमेश ठाकुर ने अपने नाम को लेकर स्पष्ट आपत्ति जताई है।

कांग्रेस महासचिव विनोद जिंटा की ओर से पांच अगस्त को जारी अधिसूचना के अनुसार अमरजीत सिंह बंगा को श्री नैना देवी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसके अलावा 22 लोगों को उपाध्यक्ष समेत विभिन्न जिम्मेदारियां दी गई हैं। इसी सूची में रमेश ठाकुर का नाम भी उपाध्यक्ष के तौर पर शामिल किया गया है।

सूची सामने आने के बाद रमेश ठाकुर ने सार्वजनिक रूप से इसका खंडन किया। उन्होंने कहा कि वह कांग्रेस के सदस्य नहीं हैं और उन्होंने कभी कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण नहीं की है। उनका कहना है कि कार्यकारिणी में शामिल करने से पहले कांग्रेस संगठन के किसी पदाधिकारी ने उनसे संपर्क नहीं किया और न ही उनकी सहमति ली गई।

रमेश ठाकुर ने कहा कि सूची में अपना नाम देखकर वह हैरान हैं। उन्होंने कांग्रेस संगठन से सवाल किया कि आखिर किस आधार पर उनका नाम ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष के तौर पर शामिल किया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह संगठन की ओर से जारी इस नियुक्ति को स्वीकार नहीं करते हैं।

इस पूरे मामले के सामने आने के बाद अब श्री नैना देवी ब्लॉक कांग्रेस की नई कार्यकारिणी की प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। चर्चा यह है कि क्या कार्यकारिणी में शामिल किए गए सभी लोगों की सहमति ली गई थी या नहीं। यदि बिना सहमति के नाम शामिल किए गए हैं तो यह संगठनात्मक प्रक्रिया और पारदर्शिता से जुड़ा गंभीर सवाल हो सकता है।

फिलहाल रमेश ठाकुर की ओर से अपनी नियुक्ति का खंडन किए जाने के बाद कांग्रेस संगठन की प्रतिक्रिया का इंतजार है। वहीं, कार्यकारिणी में शामिल अन्य लोगों की ओर से इस संबंध में क्या प्रतिक्रिया आती है, यह भी देखना होगा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *