हमीरपुर में 1525 किशोरियों को लगा एचपीवी टीका, सर्विकल कैंसर से बचाव की दिशा में बढ़ा कदम

4 अगस्त: सर्विकल कैंसर से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से चलाए जा रहे एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत हमीरपुर जिले में अब तक 1525 किशोरियों का टीकाकरण किया जा चुका है। 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की लड़कियों के लिए चलाए जा रहे इस अभियान के तहत जिले में करीब 2967 किशोरियों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अब तक लक्ष्य की 50 प्रतिशत से अधिक किशोरियों को टीका लगाया जा चुका है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय अत्री ने बताया कि अभियान को और गति देने के लिए अब स्कूल स्तर पर भी टीकाकरण सत्र आयोजित किए जाएंगे, ताकि इस आयु वर्ग की अधिक से अधिक लड़कियों को एचपीवी वैक्सीन लगाई जा सके।

उन्होंने बताया कि ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) का लंबे समय तक संक्रमण सर्विकल कैंसर के प्रमुख कारणों में शामिल है। महिलाओं में होने वाले कैंसर में सर्विकल कैंसर एक गंभीर स्वास्थ्य समस्या है। इसी को ध्यान में रखते हुए 14-15 वर्ष की किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन लगाने का अभियान शुरू किया गया है। स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य समय रहते टीकाकरण के माध्यम से भविष्य में सर्विकल कैंसर के मामलों को कम करना और किशोरियों को इस बीमारी से सुरक्षा प्रदान करना है।

डॉ. अजय अत्री ने जिले की पात्र किशोरियों और उनके अभिभावकों से अभियान में सहयोग करने की अपील की है, ताकि निर्धारित लक्ष्य को जल्द पूरा किया जा सके।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *