हमीरपुर में 90 पदों के लिए 7 अगस्त को लघु रोजगार मेला

4 अगस्त: जिला रोजगार कार्यालय हमीरपुर में 7 अगस्त को लघु रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। इसमें विभिन्न निजी कंपनियों की ओर से कुल 90 पदों के लिए अभ्यर्थियों के साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इच्छुक और पात्र युवा निर्धारित तिथि को अपने मूल प्रमाण पत्रों और हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं।

लघु रोजगार मेले में एसआईएस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड की ओर से सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों के लिए भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए 19 से 40 वर्ष आयु के पुरुष उम्मीदवार पात्र होंगे। अभ्यर्थी दसवीं फेल, दसवीं पास या इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाला होना चाहिए। इसके अलावा न्यूनतम लंबाई 168 सेंटीमीटर और वजन 54 से 95 किलोग्राम के बीच निर्धारित किया गया है। चयनित उम्मीदवारों को 18 हजार से 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा।

कंपीटेंट ऑटोमोबाइल कंपनी लिमिटेड हमीरपुर की ओर से फील्ड अफसर और सेल्स एग्जीक्यूटिव के छह-छह पदों के लिए 25 से 40 वर्ष आयु के पुरुष उम्मीदवारों के साक्षात्कार लिए जाएंगे। इन पदों के लिए स्नातक, डिप्लोमाधारक अथवा किसी भी ट्रेड में आईटीआई डिप्लोमा धारक युवा पात्र होंगे। चयनित उम्मीदवारों को 13,500 रुपये मासिक वेतन या योग्यता एवं क्षमता के आधार पर वेतन दिया जाएगा।

इसके अलावा न्यू एनजी ऑटो प्राइवेट लिमिटेड की ओर से फील्ड अफसर और सेल्स एग्जीक्यूटिव के चार-चार पदों के लिए भी भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए 22 से 45 वर्ष आयु के पुरुष और महिला उम्मीदवार साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं। दसवीं, बारहवीं और स्नातक पास अभ्यर्थी इन पदों के लिए पात्र होंगे। चयनित उम्मीदवारों को 13 हजार से 15 हजार रुपये तक मासिक वेतन मिलेगा।

जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि उक्त पदों के लिए वही युवा आवेदन कर सकते हैं, जिनका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है। अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के दौरान अपने मूल प्रमाण पत्रों के साथ हिमाचली प्रमाण पत्र भी साथ लाना होगा। भर्ती से संबंधित अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय हमीरपुर के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर संपर्क किया जा सकता है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *