पुलिस कांस्टेबल भर्ती में आयु सीमा एक साल बढ़ी, आवेदन की अंतिम तिथि 21 अगस्त तक

4 अगस्त: हिमाचल प्रदेश पुलिस विभाग में पुलिस कांस्टेबल के 734 पदों पर भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए राहत की खबर है। प्रदेश सरकार के निर्णय के तहत सभी वर्गों के अभ्यर्थियों को अधिकतम आयु सीमा में एकमुश्त एक वर्ष की छूट दी गई है। सरकार के फैसले के बाद हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग ने सोमवार को इसकी अधिसूचना जारी कर दी है। साथ ही भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि भी बढ़ाकर 21 अगस्त 2026 कर दी गई है।

आयोग की सचिव निवेदिता नेगी ने बताया कि पात्र अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ही ऑनलाइन आवेदन करें। निर्धारित अंतिम तिथि के बाद आवेदन का लिंक हटा दिया जाएगा। जिन अभ्यर्थियों ने पहले ही आवेदन कर दिया है, उन्हें दोबारा आवेदन करने की आवश्यकता नहीं है।

भर्ती प्रक्रिया के तहत पुलिस कांस्टेबल पुरुष के 491 और महिला के 243 पद भरे जाएंगे। इन पदों के लिए पे लेवल-3 के तहत 20,200 से 64,000 रुपये तक का वेतनमान निर्धारित किया गया है। भर्ती में विभिन्न श्रेणियों के लिए नियमानुसार आरक्षण का प्रावधान किया गया है। पुरुष और महिला कांस्टेबल के पदों में सामान्य वर्ग के अलावा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग, बीपीएल, होमगार्ड, पूर्व सैनिकों के आश्रित और वार्ड ऑफ फ्रीडम फाइटर्स सहित अन्य श्रेणियों को आरक्षण दिया गया है।

वहीं, हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग ने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में फिजियोथैरेपिस्ट ग्रुप-सी (जॉब ट्रेनी) पदों की भर्ती परीक्षा की संभावित तिथि भी जारी कर दी है। आयोग के अनुसार परीक्षा 24 सितंबर 2026 को आयोजित की जा सकती है। अभ्यर्थियों को परीक्षा से संबंधित नवीनतम जानकारी और आगामी निर्देशों के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट नियमित रूप से देखने की सलाह दी गई है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *