मंजू शर्मा मौत मामले में कुल्लू में फिर जन आंदोलन, स्वास्थ्य मंत्री के इस्तीफे की उठी मांग

3 अगस्त: मंजू शर्मा मौत मामले को लेकर कुल्लू में सोमवार को तीसरी बार जन आंदोलन किया गया। मामले में उचित कार्रवाई की मांग को लेकर लोगों ने रथ मैदान से उपायुक्त कार्यालय तक आक्रोश रैली निकाली। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री के इस्तीफे की मांग भी जोर-शोर से उठाई गई।

आंदोलन में स्वर्गीय मंजू शर्मा के परिजनों के अलावा क्षेत्र के लोग और समाजसेवी भी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू समेत प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार करने की मांग की। रैली के दौरान उपायुक्त कार्यालय परिसर में सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल तैनात रहा।

समाजसेवी बंटी सराजी ने कहा कि यह आंदोलन केवल मंजू शर्मा मौत मामले तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेश की आम जनता से जुड़े स्वास्थ्य संबंधी मुद्दों को लेकर भी है। उन्होंने कहा कि जनता शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज सरकार तक पहुंचा रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि मंजू शर्मा मौत मामले में अभी तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने मामले में जवाबदेही तय करने और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की।

बंटी सराजी ने कहा कि कुल्लू क्षेत्रीय अस्पताल चार जिलों के लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाता है, लेकिन अस्पताल में दवाइयों और अन्य जरूरी सुविधाओं की कमी से मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने अस्पताल में डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ पर बढ़ते काम के दबाव का मुद्दा भी उठाया।

उन्होंने मांग की कि जिन डॉक्टरों और नर्सों को निलंबित किया गया है, उनके स्थान पर जल्द से जल्द वैकल्पिक स्टाफ की तैनाती की जाए, ताकि अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित न हों।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने सरकार से जनता की मांगों पर गंभीरता से विचार कर ठोस कदम उठाने की मांग की। साथ ही कहा कि यदि स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार और मंजू शर्मा मामले में उचित कार्रवाई नहीं होती है तो स्वास्थ्य मंत्री को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *