हरोली को मिली बड़ी सौगात, प्रदेश के पहले ई-बस डिपो का हुआ लोकार्पण

3 अगस्त: हरोली में हिमाचल पथ परिवहन निगम के प्रदेश के पहले ई-बस डिपो का लोकार्पण उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने किया। इस दौरान एचआरटीसी के क्षेत्रीय कार्यालय और ई-चार्जिंग स्टेशन का भी शुभारंभ किया गया। उपमुख्यमंत्री ने चार नई बस सेवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और हरोली से श्री चिंतपूर्णी के लिए नई बस सेवा शुरू करने की घोषणा की।

जनसभा को संबोधित करते हुए मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश में शामिल की जा रही 297 इलेक्ट्रिक बसों में से 115 बसें हमीरपुर संसदीय क्षेत्र को मिली हैं। हरोली के ई-बस डिपो से 20 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जाएगा, जबकि ऊना जिले में कुल 50 इलेक्ट्रिक बसें चलेंगी। इससे क्षेत्र में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।

उन्होंने कहा कि हरोली में आधुनिक बस अड्डे के निर्माण के बाद अब ई-बस डिपो और क्षेत्रीय कार्यालय की सुविधा भी उपलब्ध हो गई है। इससे हरोली प्रदेश में आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित होगा।

उपमुख्यमंत्री ने बताया कि ठियोग, नाहन और नादौन में भी ई-बस डिपो स्थापित किए जा रहे हैं। एचआरटीसी उपाध्यक्ष अजय वर्मा के आग्रह पर कांगड़ा में भी ई-बस डिपो स्थापित करने की घोषणा की गई। उन्होंने कहा कि ऊना से भी जल्द इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू किया जाएगा।

उपमुख्यमंत्री ने चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुदर्शन बबलू की मांग पर अंब बस अड्डे का निर्माण एक वर्ष के भीतर पूरा करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि करीब 250 करोड़ रुपये की लागत से माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर के जीर्णोद्धार का कार्य भी जल्द शुरू किया जाएगा।

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हरोली में विकसित किए जा रहे बल्क ड्रग पार्क के लिए प्रदेश सरकार 1000 करोड़ रुपये उपलब्ध करवाएगी। इसके साथ ही ऊना के पुराने बस अड्डे को आधुनिक सिटी सेंटर के रूप में विकसित किया जाएगा। जिले में टायर रिट्रेडिंग प्लांट स्थापित करने की भी घोषणा की गई।

उन्होंने कहा कि हरोली का विकास उनकी प्राथमिकता है और वह अंतिम सांस तक क्षेत्र की सेवा करते रहेंगे। क्षेत्र का प्रत्येक व्यक्ति उनके लिए समान रूप से महत्वपूर्ण है और हरोली का समग्र विकास ही उनका लक्ष्य है।

कार्यक्रम में विधायक सुदर्शन बबलू, एचआरटीसी उपाध्यक्ष अजय वर्मा, डीसी ऊना जतिन लाल, प्रशासनिक अधिकारी, एचआरटीसी अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि, कांग्रेस पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *