बीड़ में 3-डी पर्यटन मानचित्र ‘परिक्रमा’ शुरू, पर्यटकों को एक ही जगह मिलेगी पूरे क्षेत्र की जानकारी

3 अगस्त: विश्व प्रसिद्ध पैराग्लाइडिंग लैंडिंग साइट बीड़ में पर्यटकों की सुविधा के लिए 3-डी पर्यटन मानचित्र ‘परिक्रमा’ स्थापित किया गया है। शनिवार को उपमंडलाधिकारी बैजनाथ संकल्प गौतम ने इसका शुभारंभ किया और इसके माध्यम से पर्यटकों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली।

संकल्प गौतम ने वेस्ट वॉरियर्स संस्था के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि आधुनिक 3-डी मानचित्र के माध्यम से बीड़-बिलिंग और आसपास के प्रमुख पर्यटन स्थलों की समग्र जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध होगी। पर्यटक यहां प्रमुख दर्शनीय स्थलों, पैराग्लाइडिंग गतिविधियों, ट्रैकिंग मार्गों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों की जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकेंगे।

उन्होंने कहा कि इस सुविधा से देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को अपने भ्रमण की बेहतर योजना बनाने में मदद मिलेगी। साथ ही, अपरिचित क्षेत्रों में घूमने के दौरान होने वाली परेशानियां भी कम होंगी। इस तरह की पहल से पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ पर्यटकों के अनुभव में भी सुधार होगा।

उन्होंने कहा कि बीड़-बिलिंग अंतरराष्ट्रीय स्तर पर साहसिक पर्यटन के लिए प्रसिद्ध है और हर वर्ष बड़ी संख्या में देश-विदेश से पर्यटक यहां पहुंचते हैं। ऐसे में 3-डी पर्यटन मानचित्र एक उपयोगी सूचना केंद्र के रूप में काम करेगा। इससे क्षेत्र के कम चर्चित पर्यटन स्थलों को भी पहचान मिलेगी और स्थानीय पर्यटन गतिविधियों व कारोबार को बढ़ावा मिलेगा।

इस दौरान एसडीएम ने प्लास्टिक की अनुपयोगी बोतलों से तैयार किए गए आकर्षक सेल्फी प्वाइंट की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक कचरे का रचनात्मक तरीके से पुनः उपयोग पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने का प्रभावी माध्यम है। यह सेल्फी प्वाइंट पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनने के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी देगा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *