1 अगस्त: सतोबरी में शनिवार को शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया की अध्यक्षता में भतल्ला और कजलोट पंचायतों से जुड़ी जनसमस्याओं को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने क्षेत्र की समस्याएं विधायक के समक्ष रखीं।
बैठक में भतल्ला और तोतारानी में भूस्खलन, गतड़ी सड़क पर विद्युत तारों और पेड़ों से जुड़ी दिक्कतों, डल-गद्दी बस्ती संपर्क मार्ग, तोतारानी में एंबुलेंस सड़क, पंचायत घर निर्माण, चांदमारी में भूस्खलन से हुए नुकसान, बर्नेट में श्मशान घाट निर्माण और डेंजर जोन में आए घरों की सुरक्षा सहित कई मुद्दों पर चर्चा की गई।
केवल सिंह पठानिया ने कहा कि दियाड़ा क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चली आ रही सड़क की मांग को पूरा करते हुए करीब एक करोड़ रुपये की लागत से सड़क का निर्माण करवाया गया है। इससे स्थानीय लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है।
उन्होंने कहा कि मौसम अनुकूल रहा तो डल लेक में जल्द ही आरती शुरू करवाई जाएगी। डल लेक धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थल है, जहां बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं।
विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। बरसात के दौरान भूस्खलन और अन्य समस्याओं को देखते हुए राहत एवं समाधान कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से भी आपदा या किसी अन्य समस्या की स्थिति में प्रशासन और विभागों के साथ समन्वय बनाकर त्वरित कार्रवाई करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए भी लगातार प्रयास किए जाएंगे।
बैठक के दौरान विधायक ने स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं। कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि अन्य समस्याओं को संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा गया।
बैठक में एसडीएम धर्मशाला मोहित रत्न, बीडीओ धर्मशाला अभिनीत कात्यान, डीएम फॉरेस्ट कॉरपोरेशन अमरीश शर्मा, अधिशासी अभियंता विद्युत विकास ठाकुर, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग चंद्रशेखर, अधिशासी अभियंता जलशक्ति सुमित, तहसीलदार धर्मशाला राहुल शर्मा, एसीएफ दौलत, उपमुख्य सचेतक के सलाहकार विनय सहित भतल्ला पंचायत की प्रधान कमला देवी, कजलोट पंचायत की प्रधान सपना, उपप्रधान करनैल, वार्ड सदस्य शिव कुमार, गायत्री, बिनता देवी, सुमना देवी, रोहित तथा अन्य अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।