सिरमौर में दर्दनाक सड़क हादसा, बाइक सवार पिता की मौत; बेटा घायल

1 अगस्त: सिरमौर जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। कालाअंब-पांवटा साहिब नेशनल हाईवे-07 पर शंभूवाला के पास एक बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में बाइक सवार 68 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया।

मृतक की पहचान सामिया राम (68), पुत्र ढोंटू राम, निवासी डोहर, डाकघर क्यारी गुंडाह, तहसील शिलाई, जिला सिरमौर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार सामिया राम अपने बेटे जगपाल के साथ बाइक पर सवार होकर नाहन मेडिकल कॉलेज में उपचार करवाने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान शंभूवाला के पास अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने सामिया राम को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनके बेटे जगपाल का उपचार जारी है।

हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अभी तक दुर्घटना के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है। जिला सिरमौर के पुलिस अधीक्षक निश्चित सिंह नेगी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस दुर्घटना के कारणों की गहनता से जांच कर रही है। शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *