चलती कार पर गिरीं भारी चट्टानें, डॉक्टर दंपती की मौत; बेटी अस्पताल में

31 जुलाई: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के आनी उपमंडल में वीरवार को दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। रानाबाग-देऊरी मार्ग पर पहाड़ी से अचानक भारी-भरकम चट्टानें गिरने से एक कार अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरी। हादसे में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. बृज ठाकुर और उनकी पत्नी सुनीता की मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई।

जानकारी के अनुसार हादसा सुबह करीब पौने 11 बजे हुआ। डॉ. बृज ठाकुर अपने परिवार के साथ खुढीजल मंदिर में दर्शन करने के बाद वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रानाबाग-देऊरी मार्ग पर अचानक पहाड़ी दरक गई और बड़ी-बड़ी चट्टानें उनकी चलती कार पर आ गिरीं। चट्टानों की चपेट में आने के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे नाले में जा गिरी।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। गंभीर चोटों के कारण डॉ. बृज ठाकुर और उनकी पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। बचाव दल ने कड़ी मशक्कत के बाद उनकी बेटी को कार से बाहर निकाला और गंभीर हालत में आनी नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।

हादसे के बाद रामपुर और आनी क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *