29 जुलाई: केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के वेद व्यास परिसर, बलाहर के दो नाबालिग छात्रों के लापता होने के मामले में जिला बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) कांगड़ा ने गंभीर संज्ञान लेते हुए देहरा पुलिस से मामले की स्टेटस रिपोर्ट तलब की है।
जानकारी के अनुसार, शास्त्री प्रथम वर्ष के दोनों छात्र सोमवार सुबह हरिपुर क्षेत्र स्थित अपने घर से विश्वविद्यालय के लिए निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। दोनों के मोबाइल फोन भी बंद मिले। परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने मंगलवार को तलाश अभियान शुरू किया। इस दौरान छात्रों के बैग लोअर सुनहेत के समीप ब्यास नदी किनारे बरामद हुए। इसके बाद देहरा पुलिस ने मामला दर्ज कर प्रशासन और एसडीआरएफ की सहायता से नदी किनारे तथा नदी के भीतर खोज अभियान शुरू किया, जो लगातार जारी है।
इधर, धर्मशाला स्थित जिला बाल कल्याण समिति कार्यालय में अध्यक्ष विक्रमजीत शर्मा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई, जिसमें घटना पर गहरी चिंता व्यक्त की गई। समिति ने नियमानुसार मामले की विस्तृत स्टेटस रिपोर्ट देहरा पुलिस से मांगने का निर्णय लिया।
समिति अध्यक्ष विक्रमजीत शर्मा ने कहा कि दो नाबालिग छात्रों का इस तरह लापता होना और उनके बैग ब्यास नदी किनारे मिलना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने बताया कि एसडीआरएफ की टीम ड्रोन और गोताखोरों की मदद से दोनों छात्रों की तलाश में जुटी हुई है। सीडब्ल्यूसी पूरे मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है।