29 जुलाई ,तरसेम जरयाल :राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के रसायन विज्ञान विभाग, साइंस सोसायटी और इको क्लब के संयुक्त तत्वावधान में महाविद्यालय परिसर में पौधारोपण अभियान आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और हरित परिसर के निर्माण को बढ़ावा देना रहा। पौधारोपण रसायन विज्ञान एवं भू-विज्ञान विभाग के आसपास के क्षेत्र में किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया रहे, जबकि हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, शिमला के रसायन विज्ञान विभाग के डॉ. संदीप चौहान विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर प्रो. संजय जसरोटिया, डॉ. बलराज बंद्राल, डॉ. रितु बाला, डॉ. पूनम, डॉ. दीपिका ठाकुर, प्रो. सुमिता सहित महाविद्यालय के अनेक प्राध्यापकों ने भी भाग लिया।
अभियान में करीब 200 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेते हुए परिसर में 45 पौधे लगाए। इनमें देवदार, जामुन, कचनार, अमलतास, आंवला, बेल, बॉटल ब्रश, बॉटल पाम और पेंसिल पाइन जैसी विभिन्न प्रजातियों के पौधे शामिल रहे।
प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया ने कहा कि पेड़-पौधे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की नींव हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने और पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी का अभियान बनाने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि डॉ. संदीप चौहान ने कहा कि जलवायु परिवर्तन और बढ़ते प्रदूषण जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए पौधारोपण सबसे प्रभावी उपायों में से एक है। उन्होंने युवाओं से हर वर्ष कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल की जिम्मेदारी निभाने की अपील की।
कार्यक्रम का समापन “हरित परिसर–स्वच्छ पर्यावरण” के संकल्प के साथ हुआ। आयोजकों ने विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाकर प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया।