एचपीयू में 30 जुलाई से शुरू होंगी नियमित कक्षाएं, नवप्रवेशी छात्रों के लिए होगा इंडक्शन कार्यक्रम

28 जुलाई: हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए नियमित शिक्षण कार्यक्रम में बदलाव किया है। विश्वविद्यालय के डीन ऑफ स्टडीज कार्यालय की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, परिसर आधारित स्नातकोत्तर और अन्य पाठ्यक्रमों (यूजी कार्यक्रमों को छोड़कर) की नियमित कक्षाएं अब 30 जुलाई से शुरू होंगी।

पहले इन कक्षाओं का संचालन 27 जुलाई से प्रस्तावित था, लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन ने इसे संशोधित करते हुए तीन दिन आगे बढ़ा दिया है। विश्वविद्यालय के अनुसार, कुलपति 30 जुलाई से 5 अगस्त तक विभिन्न शिक्षण विभागों, केंद्रों और संस्थानों का दौरा करेंगे। इस दौरान वह शिक्षकों के साथ संवाद कर नए सत्र की तैयारियों, शिक्षण व्यवस्था और अकादमिक गतिविधियों की समीक्षा करेंगे।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी विभागाध्यक्षों और संस्थानों के निदेशकों को निर्देश दिए हैं कि प्रथम वर्ष और प्रथम सेमेस्टर के नवप्रवेशी विद्यार्थियों के लिए 30 जुलाई से 5 अगस्त तक छह दिवसीय इंडक्शन कार्यक्रम आयोजित किया जाए। इस दौरान विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, नियमों, सुविधाओं और पाठ्यक्रम से संबंधित जानकारी दी जाएगी।

एचपीयू ने निर्देश दिए हैं कि इंडक्शन कार्यक्रम को पहले से तैयार शैक्षणिक समय-सारिणी में शामिल किया जाए। कार्यक्रम के बाद इसकी रिपोर्ट, फोटोग्राफ और अन्य सामग्री डीन ऑफ स्टडीज कार्यालय के माध्यम से कुलपति को भेजनी होगी।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि 30 जुलाई से नियमित कक्षाएं हर हाल में शुरू की जाएं। शुरुआती दिनों में विद्यार्थियों की उपस्थिति कम रहने के बावजूद शिक्षण कार्य प्रभावित नहीं होना चाहिए। प्रशासन का कहना है कि समयबद्ध तरीके से शैक्षणिक सत्र का संचालन विश्वविद्यालय की प्राथमिकता है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *