लोकगीतों और नुक्कड़ नाटक से दी कानूनी अधिकारों व जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी

25 जुलाई: सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के विशेष प्रचार अभियान के तहत अनुशिका कला मंच के कलाकारों ने ग्राम पंचायत भटवाड़ी के गांव शारा और ग्राम पंचायत पंजाई में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। लोकगीतों, नुक्कड़ नाटक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से लोगों को अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों की जानकारी दी गई।

कलाकारों ने बताया कि अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के लोगों के अधिकारों की सुरक्षा के लिए अधिनियम में कई महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने अत्याचार की स्थिति में मिलने वाले कानूनी संरक्षण, अधिकारों और न्याय प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

कार्यक्रम में अंतर्जातीय विवाह प्रोत्साहन योजना, स्वर्ण जयंती आश्रय योजना तथा प्रशिक्षण एवं दक्षता विकास योजना सहित अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के सामाजिक और आर्थिक उत्थान के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई। पात्र लोगों से इन योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया गया।

इस दौरान युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से भी अवगत कराया गया। प्रदेश सरकार के एंटी चिट्टा अभियान के तहत चिट्टा और अन्य नशीले पदार्थों से होने वाले नुकसान पर प्रकाश डालते हुए समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया गया। लोगों से स्वयं नशे से दूर रहने और अपने परिवार व समाज को भी इस बुराई से बचाने में सहयोग करने की अपील की गई।

कार्यक्रम में स्थानीय पंचायतों के प्रधान, जनप्रतिनिधि तथा ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *