15 अगस्त: बड़सर में आयोजित 80वें राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने हिमाचल के उज्ज्वल भविष्य और नई पीढ़ी की आकांक्षाओं को लेकर सरकार का संकल्प साझा किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चिट्टा-मुक्त हिमाचल, विश्व स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं, बेहतर शिक्षा और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल हैं। तकनीक और नवाचार की शक्ति से गांवों तक आधुनिक सुविधाएं पहुंचाने तथा युवाओं को उनके हुनर के आधार पर आगे बढ़ने के अवसर देने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल को आत्मनिर्भरता की नई मिसाल बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। प्रदेश की प्रगति के साथ-साथ इसकी प्राकृतिक सुंदरता, पहाड़ों और समृद्ध संस्कृति का संरक्षण भी हमारी जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी की 80वीं वर्षगांठ पर हमारा संकल्प ऐसा हिमाचल बनाने का है, जहां हर परिवार का जीवन बेहतर हो और नई पीढ़ी पूरे गर्व के साथ कह सके कि हमें हिमाचली होने पर गर्व है।