15 अगस्त , नरेश मलोटिया : पीएम श्री स्कूल ऑफ एक्सीलेंस राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नादौन में स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। प्रधानाचार्य राजेश कुमार के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम की भावना को अभिव्यक्त किया।
समारोह के दौरान विद्यालय के एनसीसी एवं एनएसएस स्वयंसेवियों ने मार्च-परेड कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। विद्यार्थियों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। विद्यालय परिसर देशभक्ति के नारों और गीतों से गूंज उठा तथा विद्यार्थियों में राष्ट्र के प्रति गौरव एवं समर्पण की भावना देखने को मिली।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य, अध्यापकगण, छात्र-छात्राओं एवं विद्यालय में उपस्थित अभिभावकों ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों के नाम संबोधन भी सुना।
विद्यालय के संस्कृत अध्यापक नरेश मलोटिया ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रधानाचार्य राजेश कुमार ने स्वतंत्रता दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद किया। उन्होंने विद्यार्थियों से देश की एकता, अखंडता और विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
प्रधानाचार्य ने कहा कि देश की प्रगति में युवा पीढ़ी की महत्वपूर्ण भूमिका है। विद्यार्थियों को अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहते हुए राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक योगदान देना चाहिए।