29 जून : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन 6 जुलाई को पहली बार जम्मू-कश्मीर के दौरे पर पहुंचेंगे। उनके दो दिवसीय प्रवास को लेकर प्रदेश भाजपा संगठन ने जम्मू और श्रीनगर में तैयारियां तेज कर दी हैं। दौरे के पहले दिन वह डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे और पार्टी नेताओं के साथ बैठकें करेंगे।
7 जुलाई को नितिन नबीन भाजपा की प्रदेश कोर ग्रुप की बैठक में शामिल होंगे। इस दौरान वह जम्मू-कश्मीर के राजनीतिक हालात की समीक्षा करेंगे और पंचायत व शहरी स्थानीय निकाय चुनावों को लेकर पार्टी की रणनीति पर चर्चा करेंगे।
दौरे के दौरान नितिन नबीन अमरनाथ यात्रा पर आए श्रद्धालुओं से भी मुलाकात कर उनके लिए उपलब्ध कराई गई सुविधाओं का जायजा लेंगे। इसके अलावा वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रदेश पदाधिकारियों से भी बैठक करेंगे।
नितिन नबीन भाजपा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष पवन खजूरिया के आवास पर जाकर उनकी माता के निधन पर शोक व्यक्त करेंगे। पार्टी सूत्रों के अनुसार इस दौरान पवन खजूरिया के दोबारा भाजपा में शामिल होने की भी संभावना जताई जा रही है। गौरतलब है कि वर्ष 2024 के विधानसभा चुनाव में टिकट न मिलने पर उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था।
राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे की तैयारियों की जिम्मेदारी भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं जम्मू-कश्मीर प्रभारी तरुण चुघ संभालेंगे, जो पहले ही प्रदेश पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे।